Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

ताजा खबरें: हरिद्वार जनपद की ताजा ख़बरें, यहां देखें

1 min read
Listen to this article

चोरी की गई ई रिक्शा सहित एक गिरफ्तार किया

हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली पुलिस ने चोरी की ई रिक्शा समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 1 जुलाई को लेबर कालोनी निवासी संजय सैनी ने भेल सेक्टर-4 पीठ बाजार से उसकी ई रिक्शा चोरी कर लिए जाने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल में जुटी पुलिस टीम ने भेल सेक्टर-1 से विक्की सिंह पुत्र प्रेमचंद सिंह निवासी संजय नगर टिबड़ी को चोरी किए गए ई-रिक्शा समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक भरत सिंह, कांस्टेबल विवेक गुसांई व दीप गौड़ शामिल रहे।

अवैध खनन का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

हरिद्वार। अवैध खनन का आरोप लगाते हुए किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इरशाद अली व महानगर अध्यक्ष सोनू लाला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगजीतपुर बस अड्डे पर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री रकित वालिया व ब्लॉक अध्यक्ष जतिन हांडा ने कहा कि बरसाती नदी में अवैध खनन से बने गहरे गढ्ढे में गिरने से एक किशोर की मौत हो गयी। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चौपट है। लेकिन मुख्यमंत्री दिल्ली दरबार के चक्कर काटते रहते हैं। राज्य की समस्याओं की और उनका कोई ध्यान नहीं है। किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इरशाद अली व महानगर अध्यक्ष सोनू लाला ने कहा कि सड़कों पर सरपट दौड़ती अवैध खनन सामग्री से भरी गाड़ियांे से आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अवैध खनन पर अंकुश नहीं लगाती है तो आंदेालन शुरू किया जाएगा। प्रदेश महासचिव अनिल भास्कर व विनोद कश्यप ने कहा कि खनन का खेल जानलेवा होता जा रहा है। अवैध खनन करने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अधिकारियों पर गाड़ी चढ़ा देते हैं। उन्होंने कहा कि सूखी नदी में अवैध खनन से बने गढ्ढे में डूबने से हुई किशोर की मौत पर राज्य सरकार पीड़ित परिवार को बीस लाख रुपए मुआवजा दे,अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाए। प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी,निवृत पार्षद उदयवीर चौहान,अमित राजपूत,आकिब सलमानी,सुक्कड़,अजयदास महाराज,बीरबल,मोनू,हरद्वारी लाल,बृजमोहन बर्थवाल,नीतू बिष्ट,जितेंद्र सिंह,अंकुर सैनी,मुकेश विश्नोई,विमल सैनी आदि कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे

श्री धु्रव चैरिटेबल हॉस्पिटल में बरसात का पानी घुसने से परिसर की दीवार गिरी

हरिद्वार: श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र स्थित श्रीध्रुव चौरिटेबल ट्रस्ट हॉस्पिटल में बारिश का पानी भरने से भारी नुकसान हुआ है। हॉस्पिटल के प्रबंधक बाबा देवदास महाराज ने जिला प्रशासन, वन विभाग एवं ग्राम प्रधान पर नहर की सफाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। बाबा देवदास महाराज ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते बारिश के पानी से हास्पिटल को भारी नुक़सान हुआ है। जिसकी भरपाई की जानी चाहिए। हरिद्वार-नजीबाबाद रोड पर थाना श्यामपुर क्षेत्र के सज्जनपुर पीली गांव में स्थित श्रीध्रुव चौरिटेबल ट्रस्ट हॉस्पिटल के प्रबंधक बाबा देवदास महाराज ने बताया कि पिछले वर्ष भी जिलाधिकारी, वन विभाग और ग्राम प्रधान को पत्र लिखकर नहर की सफाई कराने की मांग की गयी थी। लेकिन एक वर्ष बीतने के उपरांत भी नहर की सफाई नहीं करायी गयी। इसके चलते शनिवार को हुई बारिश का पानी हास्पिटल परिसर में भर गया। पानी भरने से निर्माणाधीन दीवार टूट गई है। करीब पांच सौ सीमेंट के कट्टे भींगकर खराब हो गये है। कैंटीन में रखा खाने का समान भी खराब हो गया। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते एक बार फिर भारी नुक़सान झेलना पड़ रहा है। उन्होने कहा कि तत्काल नहर की सफाई शुरू करायी जाए। बरसात के शुरू में ऐसा हाल है तो भविष्य में हालात बद से बद्तर हो जाएंगे।

बारिश के कारण हुए जलभराव से लोगों को करना पड़ा परेशानी का सामना

हरिद्वार: शनिवार को हुई बारिश के कारण सड़कों पर हुए जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भगत सिंह चौक रेल पुलिया के नीचे बरसात का पानी भरने से भेल,सिडकुल,जिला मुख्यालय रोशनाबाद जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ज्वालापुर के कटहरा बाजार में बरसात पानी से हुए जलभराव के चलते व्यापारियों और लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। मनसा देवी पर्वत से बरसाती पानी के साथ बहकर आयी सिल्ट की वजह से विष्णु घाट, पुरानी सब्जी मंडी में कीचड़ जैसे हालात हो गए। जिससे बाहर से आए श्रद्धालुओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ब्रह्मपुरी रेल पुलिया के नीचे सिल्ट जमा हो जाने से कीचड़ हो गया। जिससे मेला अस्पताल,बिल्केश्वर मंदिर,बिल्केश्वर कालोनी जाने वाले लोगों को भारी दिक्कत उठानी पड़ी। कनखल, उत्तरी हरिद्वार के संत बाहुल्य क्षेत्रों में भी कई जगह जलभराव हुआ। शनिवार तड़के हुई भारी बारिश से जहां लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा,वहीं तापमान में आयी गिरावट से गर्मी से राहत मिली।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *