महिला दिवस, सेवा और सम्मान : जागृति वीमेंस कांफ्रेंस द्वारा उत्कृष्ट योगदान के लिए 5 महिलाएं सम्मानित
1 min read
हरिद्वार: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर, 98 साल पुरानी सामाजिक संस्था ऑल इंडिया वीमेंस कॉन्फ्रेंस से संबद्ध जागृति वीमेंस कांफ्रेंस हरिद्वार ने भव्य समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर, संस्था ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 5 महिलाओं को सम्मानित किया।
सम्मानित महिलाओं में लेखिका और योगाचार्य डॉ. राधिका नागरथ, डायरेक्टर केयर नर्सिंग कॉलेज डॉ. प्रीत शिखा शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर भगवान दास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय डॉ. आशिमा श्रवण, सचिव एकम्स फार्मास्यूटिकल्स श्रीमती अर्चना जैन और राज्य महिला आयोग सदस्य कमला जोशी शामिल थीं। उन्हें शॉल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
संस्था की सचिव डॉ. करुणा शर्मा ने बताया कि जागृति वीमेंस कांफ्रेंस कांगड़ी श्यामपुर में कई वर्षों से सेवा कार्यों में सक्रिय है। संस्था वहां की महिलाओं और बच्चों के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर और बुजुर्ग महिलाओं के लिए डे केयर सेंटर चलाती है। इसके साथ ही, जागरूकता अभियान भी आयोजित किए जाते हैं।
संस्था की संरक्षिका मंजुला भगत ने बताया कि अब युवा पीढ़ी भी संस्था से जुड़ रही है। कई युवतियां गांव जाकर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही हैं।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. हेमलता के. ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में भाग लिया और संस्था के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को खुद सशक्त होना होगा और इसके लिए शिक्षा सबसे जरूरी है। जब तक हर महिला शिक्षित नहीं होगी, समाज में बदलाव लाना मुश्किल है।
समारोह में दिल्ली पब्लिक स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्रा श्वेता कौशल की पुस्तक ‘3 पॉइंट कन्फ्यूजन’ का भी विमोचन किया गया।
मंजुला भगत ने बताया कि संस्था की शुरुआत में सरोजिनी नायडू और अन्य गणमान्य महिलाएं मार्गदर्शक थीं। उनकी सोच को आगे बढ़ाते हुए, जागृति संस्था पिछले 37 वर्षों से हरिद्वार में काम कर रही है।
जागृति वीमेंस कांफ्रेंस के सदस्यों में संरक्षिका अलका शर्मा, अध्यक्षा नीरू जैन, वीणा कॉल, निधि हांडा, मोनिका गर्ग, उमा पांडे, नेहा मलिक, कुसुम उपाध्याय आदि उपस्थित थे।